संदेश

हाथी तो हाथी होता है

  हाथी तो हाथी होता है । जंगल का साथी होता है । हरदम उसकी मटरगशतियां, कभी खेत में, कभी बस्तियां; कभी नदी के बैठ किनारे, देखा करता है वो कश्तियां । कभी हिरण के संग कुलांचें, कभी तितलियों के संग नाचे । कभी तोते के संग बैठकर, जंगल का भविष्य वो बांचे । कभी नदी में छपाक -छप -छप, कभी धूल में धपाक -धप -धप ; कभी सूंड में पानी भरकर, उड़ा रहा फव्वारे फर -फर । सुंदर दांतों पर अपने, हाथी है हरदम इतराता; खाने के है दांत और ही, राज की बात वो सबसे छुपाता । केला, गन्ना खाता हाथी, आम देख ललचाता हाथी; कटहल का जो पेड़ दिख गया, सारे चट कर जाता हाथी । बचे रहेंगे हाथी तो, बचे रहेंगे जंगल भी; बचे रहेंगे जंगल तो, होगा सबका मंगल भी । हाथी तो हाथी होता है । जंगल का साथी होता है ।

कटुक वचन मत बोल

  कड़वाहट का बीज जो बोते चलते हैं । जब पौधे में फल आता है , फल को खाकर, मुंह बिचकाकर; थू थू करते फिरते हैं। कड़वाहट का बीज जो बोते चलते हैं ।

एक गीत होलिका के नाम (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर)

जलाओ जलाओ और जलाओ।  जितनी मर्जी तुम्हारी होलिका जलाओ । हाँ, आ गई थी अपने दुष्ट भाई की बातों में; भोले प्रह्लाद को छल से मारने के षड्यंत्र में । मगर, एक नारी थी मैं ; नहीं सह पाया मन अपने भतीजे या, एक बच्चे को जिंदा जलाने की पीड़ा । हां, बैठी थी उसे लेकर लपलपाती चिता पर , अपना अग्नि क्षम वस्त्र ओढ़ कर , मगर जब आग लगाई गई और लगा कि- अब भोले प्रह्लाद की जान जाने ही वाली है- जाग उठी ममता मेरी, सोई थी जो कुंभकर्णी निंद्रा में । सर्वस्व त्याग का वो पुण्य क्षण था, जब मैंने अपनी अग्निरोधी चादर प्रह्लाद को उढ़ा दी, और खुद को लपलपाती अग्नि की लपटों के हवाले कर दिया । पुत्र प्रह्लाद तो आंखें मूंदे अपने आराध्य विष्णु की उपासना में लीन था । देखने वालों को लगा मानों दैवी चमत्कार से मेरी चादर आ गई प्रह्लाद के ऊपर और हहाती अग्नि की लपटों के बीच भी बाल भी बांका न हुआ उस नन्हें विष्णुभक्त का ; और उन्होंने सोचा की पापिन होलिका जल मरी। तब से लेकर आज तक, लोग होलिका के जल मरने और प्रह्लाद के बचने की खुशी में मनाते हैं होलिका दहन । और, हर साल न जाने कितनी महिलाएं बच्चे जला दिए जाते हैं इसी सहृदय समाज में...

तुलसीदास की विनय पत्रिका, गीतावली एवं कवितावली

तुलसी साहित्य में रूचि रखनेवालों के लिए  तुलसीदास जी की विनय पत्रिका, गीतावली और कवितावली को पढ़ना एक अलग आनंद देता है।  लोकभारती प्रकाशन से अत्यंत ही अल्प मूल्य में  प्रकाशित तुलसी साहित्य के सुधी अध्येता योगेंद्र प्रताप सिंह जी की विनय पत्रिका पर लिखी सुन्दर टीका और इसी प्रकाशन से प्रकाशित गीतावली और कवितावली की सुधाकर पाण्डेय द्वारा लिखी टीका सभी पाठकों के लिए तुलसी साहित्य में डुबकी लगा कर कुछ ज्ञान, कुछ कर्म, कुछ श्रद्धा -विह्वल भक्ति  तो कुछ वैराग्य  के मोती ढूंढ लाने का अवसर देती है।   योगेंद्र प्रताप सिंह जी की विनय पत्रिका पर लिखी टीका में अर्थ की हर छटा को बड़े प्रेम और सुगमता से समझाया गया है।  कुछ सुंदर उदाहरण देखें- "मोह दशमौलि तद्भ्रात अहँकार पाकारिजित काम विश्रामहारी।  लोभ अतिकाय मत्सर महोदर दुष्ट क्रोध पापिष्ठ बिबुद्धांतकारी।।  द्वेष दुर्मुख दंभ खर अकंपन कपट दर्प मनुजाद मद शूलपानी।  अमितबल परम दुर्जय निशाचर निकर सहित षडवर्ग गो यातुधानी।। .... कैवल्य साधन अखिल भालु मरकट विपुल ज्ञान सुग्रीवकृत जलिधिसेतु।  प्रबल वैरा...

नववर्ष 2023 में सफर चलता रहे यूं ही

  सफर चलता रहे यूं ही । दिल मचलता रहे यूं ही ।। मुकम्मल होने की चाहत रहे। अधूरापन खलता रहे यूं ही ।। हुस्न तो नूर है इलाही का । आशिकों को  छलता रहे यूं ही ।। तूफानों में बीच समंदर खेवे नैया। न कोई किनारे हाथ मलता रहे यूं ही ।। सिकंदर को भी जहां से खाली हाथ जाना है । चांद सितारों का अहं गलता रहे यूं ही ।। जलेगा राख होगा फिर भी उससे आएगी खुशबू। दिल तो दिल है, जले, जलता रहे यूं ही ।। तीर लोहे का हो या सरकंडे का । तीर का मोल है, निशाने हलता रहे यूं ही ।। दोस्तों पे प्यार हो, दुश्मनों पे वार हो । दुश्मन की छाती पे मूंग दलता रहे यूं ही।। दोस्ती जज्बा है वो जिसका कोई जोड़ नहीं। दोस्तों का बिछड़ना टलता रहे यूं ही । लाख नाउम्मीदी हो, अंधेरे हो सीने में आस पलता रहे यूं ही डूबते हुए भी छठ में जिसे पूजते हैं नई सुबह आने को,सूरज ढलता रहे यूं ही ।। दीप से दीप जले, हाशिए भी रौशन हो । अच्छा काम फलता रहे यूं ही ।। नववर्ष 2023 की हार्दिक शुभमंगलकामनाएं।   

प्रभाकर सिन्हा की कविता पुस्तक ओ अहर्निश प्यास

 कवि के प्रथम गंभीर प्रयास में उनकी वर्षों की साधना दिखती है । बोधि प्रकाशन जयपुर ने इसे सादगी पूर्ण सुंदरता से छापा है । संग्रह की शीर्षक कविता की कुछ पंक्तियां मर्मस्पर्शी लगीं - "मैं तुम्हारे मौन का विस्तार लेकर,  प्रार्थना में हाथ जोड़े, रिक्त होने की डगर पर ,  शून्य अर्पित कर रहा हूं, अर्थ के बल पर खड़े ये शब्द मेरे बोध से लड़ते नहीं अब । मैं तुम्हारे दिव्य रथ पर पार्थ के उद्दाम यौवन की छवि में, युद्ध का समवेत स्वर अब सुन रहा हूं । आस्था बलवंत है अब  भय तिरोहित हो चुका है ।" मां पर लिखी कविता में भी कई अनूठे बिंब और अर्थ छवियां है- 'झंझावातों के बीच / एक सुखद एकांत थी मां।' हिंदी गजलों में हालांकि   गजलों के तकनीकी पहलुओं की बंदिशों से  कुछ छूट ली गयी है, पर कुछ पंक्तियां काफी अच्छी बन पड़ी है जैसे- "जीतकर सुख समेट लेते हैं , हारकर दुख बटोर लेते हैं । बंजर जमीं पे आज भी, कंकड़ बनी फसल,  दरिया हुआ है कैद, हिफाजत के नाम पर ।" ओ अहर्निश प्यास के प्रिय कवि प्रभाकर जी को उनके सार्थक कविकर्म हेतु शुभकामनाएं ।

गाँधी और गोडसे

 पूरे भारत में आज फिर ; आमने-सामने हैं गोडसे और गाँधी |  गोडसे के अनेक चेहरे हैं, अनेक रूप हैं, अनेक अस्त्र-शस्त्र हैं ; गाँधी एक है, सदा एक, और  संबल है उसका सत्य और अहिंसा |  गाँधी वह सीना है, जो सत्य के लिए, गोडसे की तीन नहीं, अनगिन  गोलियाँ खाने को सदा तैयार है |  गोडसे आदमी में छिपी  हैवानियत है, आदमी की पाशविकता और बर्बरता की  की निशानी है |  गाँधी वह देवता है, जो मरकर अमर होता है हमारे दिलों में ; जो हर जोर-जुल्म सहकर भी  सत्य के पारस से  हैवानों को इंसान बनाता है |  हे भारत की जनता |  वक़्त और मानवता का तकाज़ा है कि तुम ; अपने अंदर के गोडसे को निकाल फेंको अब  गाँधी के पावन भारत को  कलुषित करने के जुर्म में |  पुनः प्रतिष्ठा करो अपने मन-मंदिर में , गाँधी की मूर्ति की ; सत्य,अहिंसा, और प्रेम  की  त्रिमूर्ति की | 

भोजपुरी मिट्टी की खुशबू से रचा-बसा मृत्युंजय जी का उपन्यास 'गंगा रतन विदेशी'

  अपनी मातृभाषा से प्रेम और उसकी समृद्धि के लिए प्रयास करना बड़े ही गौरव की बात है | बिहार के सन्दर्भ में देखे तो समाज एवं सरकार द्वारा मैथिली, भोजपुरी, मगही, अंगिका, वज्जिका में लेखन, चलचित्र निर्माण एवं पठन-पाठन को बढ़ावा दिए जाने की जरुरत है | हाल ही में मृत्युंजय जी द्वारा लिखित एवं भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित भोजपुरी उपन्यास गंगा रतन विदेशी को पढने का सुयोग अपने सहकर्मी अभिषेक द्वारा इस पुस्तक की प्रति पाकर प्राप्त हुआ | पश्छिम बंगाल कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी द्वारा अपनी मातृभाषा की सेवा में जो किया जा रहा है वह अनुकरणीय है | गिरमिटिया मजदूर मूनेसर के पोते रतन दुलारी की गाँधी जी के साथ नटाल, दक्षिण अफ्रीका से भारत वापसी होती है, सदियों से छूटी मिट्टी के साथ फिर नाता जुड़ता है, युवावस्था की सखी गंगझरिया जो विधवा हो गयी रहती है, उससे मिलन और हेमवती जी जैसे उदारमना लोगों के सहयोग से शादी होती है और फिर खेजुआ गाँव में बसकर आगे की कथा चलती है | किस्मत के फेर से रतन के बेटे गंगा रतन विदेशी को अपने बेटे के इलाज और रेहन पर चढ़े खेत को छुड़ाने के लिए कलकत्ता प्रवास करना पड़त...

सतगुर की महिमा अनॅंत

कबीरदास के दोहों में सच्चे गुरु की महिमा बड़े ही रोचक ढंग से और लोकजीवन से उदाहरण देते हुए कही गयी है| सच्चा गुरु मनुष्य को देवता के समान बनाने के प्रयास में लगा रहता है, अनंत ज्ञान को शिष्य को देने का प्रयास करता है | गुरु के बिना ज्ञान नहीं मिल सकता | जब गोविन्द कृपा करते हैं तो गुरु की प्राप्ति  होती है  | अयोग्य गुरु  अयोग्य शिष्य एक दूसरे का उसी प्रकार नुकसान करते हैं जैसे अँधा मनुष्य दूसरे अंधे मनुष्य को रास्ता बतलाने के समय करता है | गुरु शिष्य के संशय का नाश करता है | गुरु के पारस स्पर्श से शिष्य लोहे से सोने में बदल जाता है|  भारतीय परंपरा में गुरु का जो आदर है, वह पाश्चात्य परंपरा के लिए आश्चर्य  की वस्तु है | यहाँ पर गुरु का दर्जा भगवान के बराबर माना गया है | गुरु-गोविन्द दोनों के सामने आने पर शिष्य का यह कर्त्तव्य है की वह पहले गुरु की वंदना करे जिसने उसे गोविन्द का ज्ञान दिया है | कृष्ण, बुद्ध, महावीर और गुरु नानक, इनके व्यक्तित्व का अहम् हिस्सा गुरु के रूप में  लोगों के पथप्रदर्शन का है |   गुरु बिना ज्ञान न होई, यह कहावत लोकमन म...

"एक शेर अपना, एक पराया" में राहत इंदौरी साहब के शेरों के साथ उन्हें भावभीनी विदाई

"एक शेर अपना, एक पराया" की शृंखला में मैंने कई शायरों के शेरों को लेकर उनपर कुछ अपने शेर कहने की कोशिश की थी |  कल राहत इंदौरी साहब के कोरोना से जूझकर असामयिक देहांत के बाद उनको विदा देने के लिए शेरों से ज्यादा अच्छे कोई फूल मुझे न सूझे  | अपने बागी और तल्ख़ तेवरों से समाज और शासन को सच का आईना दिखाने वाले इस महान शायर में गज़ब की सादगी और साफगोई थी | भले ही राहत इंदौरी साहब हमारे बीच अब न हों, उनकी शायरी उनकी यादों को जिन्दा रखेगी |  पेश है राहत साहब की याद को संजोता "एक शेर अपना, एक पराया" का यह स्तम्भ |  १. लगेगी आग तो आएँगे घर कई ज़द में |     यहाँ पे सिर्फ हमारा मकान थोड़ी है ||     मैं जानता हूँ दुश्मन भी कम नहीं लेकिन |      हमारी तरह हथेली पे जान थोड़ी है ||     सभी का खून है  शामिल  यहाँ की मिट्टी में |     किसी के बाप का हिन्दुस्तान थोड़ी है ||     --राहत इंदौरी ---- हमारी  सरहदों को लांघने की ना  करो ज़ुर्रत |  जान से जाओगे, गलवन में...

धर्मान्धता

धर्मान्धता धृतराष्ट्र की भांति अपना ही अहित करती है | पुत्र और सत्ता मोह में व्याकुल, पांडवों के साथ हर छल पर मौन सहमति रही, धृतराष्ट्र तो जन्मांध थे, गांधारी की आँखों पर भी पट्टी तनी रही | धर्म धुरंधर भीष्म, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य, दानवीर कर्ण, सब चुपचाप देखते रहे, विदुर बस एक धर्म की आवाज रहा, नक्कारखाने में तूती की तरह बजता रहा | शकुनि की  दुर्बुद्धि का डंका बजा , चांडाल चौकड़ी की तिकड़में  सजी , द्यूत क्रीड़ा के मकड़जाल में, पांडवों की धन-संपत्ति-इज्जत फंसी | द्रौपदी के चीरहरण पर, धर्म ही रोया शायद वस्त्र बनके, और कृष्ण के हाथों आ गया अबला नारी की लाज ढकने | उस सभा में शामिल सभी लोगों की आयु उसी दिन शेष हुई, बाकी के दिन मरघट के दिन थे, चलते-फिरते प्रेत हुए | फिर महाभारत का युद्ध तो बस औपचारिकता थी, सबने मिलकर धर्म की अधर्म से हत्या की | बाकी का जीवन आत्मग्लानि का जीवन रहा, नजरें नीची किये समय व्यतीत करते रहे बचे हुए लोग, तथाकथित धर्मयुद्ध के बाद | धृतराष्ट्र की धर्मबुद्धि यदि जन्मांध न होती, गांधारी के धर्मचक्षु ...

आत्ममुग्धता

आत्ममुग्धता दबे पाँव आखेट करती है | बड़े- बड़े आखेटक, चूर अपनी कीर्ति गाथाओं में, अनभिज्ञ इस बात से कि ; उनका भी हो सकता है आखेट, बन जाते हैं आखेट आत्ममुग्धता का | जारी रखते हैं वो आखेट औरों का, अपना हाल अनजाने | आत्ममुग्धता फंदे बिछाती है चुपचाप | अहं के नुकीले बरछों से भरे गड्ढ़े , अति यशाकांक्षा के पांवों के फंदे, अतिशय भोग-विलास के पिंजरे, सर्वज्ञता की गले की फांस, इनसे बचना विरले ही होता है संभव | आत्ममुग्धता नहीं सजाती अपने शिकार की ट्रॉफी | मगर शिकार के चेहरे, बोली, हाव-भाव, बर्ताव से झलकता है उसका शिकार होना; अंधेर नगरी के मायालोक में रहता है, आत्ममुग्ध चौपट राजा , रेबड़ी बांटता है अपने में और पूछता है परायों से स्वाद | आत्ममुग्ध लोगों से आतंकित रहती है दुनिया | इतिहास गवाह है- आत्ममुग्ध लोगों ने सबसे ज्यादा की है मानवता की क्षति; कभी इतिहास बदलने के नाम पर, तो कभी धर्म, देश, प्रकृति और मानवता को बचाने के नाम पर; जबकि जरुरी था उनका अपनेआप को आत्ममुग्धता से बचाना |

मन का टुकड़ा मनका बनाकर

मन का टुकड़ा मनका बनाकर मनबसिया का ध्यान करूं | प्रेम की राह बहुत ही जटिल है ; चल- चल कर आसान करूं | (१५ जुलाई २०१७, रात्रि  )

भागते भूत की लंगोटी

मन मोती-सा, हृदय कोयला, बुद्धि रह गयी थोथी | प्यार में भागते भूत को पकड़ा, हाथ न आयी लंगोटी | (१५ जुलाई २०१७, रात्रि )

प्रेम पंखुरियां

प्रेम नही होता जग में तो कितना अच्छा होता | ऐसे ही बिन बात के ना कोई  हँसता, ना कोई  रोता || प्रेम किये दुःख होत है, यह जानत हर कोय | फिर भी प्रेम के चंगुल से बांच सका ना कोय || प्रेम घृणा में, घृणा प्रेम में ऐसे आवृत्त है | प्रेम से घृणा,घृणा से प्रेम- एक ही वृत्त है || प्यार करना है सरल, मुश्किल निभाना है | प्रेम पथ में ना है मंजिल, ना ठिकाना है || प्रेम को जो ना जाने,वो हैं पीटे ढिंढोरा | प्रेम के पंडित अक्सर ही खामोश देखे हैं  || प्रेम पंथ है अति कठिन, नट की रस्सी जान  | एक चूक भी गर हुई, ना बच पाए प्राण || आभासी दुनिया के बाशिंदे क्या बूझेंगे प्यार | लाभ-हानि के गणित से परे, है प्रेम व्यवहार || प्रेम  भुला देता है सारी दुनियादारी | दुनियादारी को अक्सर प्रेम याद आता है ||

शम्मा जलती है...

शम्मा जलती है, धुवाँ  होता है | सामने मौत का कुआँ होता है | जिसमे परवाना पानी ढूंढें फिरता है | हश्र आँखों के आगे तिरता है | इश्क़ एक बेवकूफी है जो अक्सर समझदार लोग किया करते हैं |

नववर्ष 2017 की शुभकामनाएँ

बदल गया कैलेंडर और डायरियां बदली | इनके सिवा और क्या बदला, नहीं पता  || काश कि कुछ और भी बदल पाए || मसलन, चलो कुछ पेड़-पौधें लगायें , या किन्हीं बेसहारों का सहारा बने , मदद करें उनकी जो है उसके हक़दार, खुशबू बांटें, खुशियाँ बांटे, बांटे थोडा प्यार | दिल से क्षमा मांगे अगर दुखाये हो दिल- बातें करें उन अपनों से जो आपके फ़ोन का करते हैं बेसब्री से इंतजार | जिनसे अकारण घृणा की हो, उनपर लुटाये ढेर-सारा प्यार | कंधे पर लदे अपेक्षाओं के बोझ को करे हल्का जिनके काम न कर पाए, उनसे कर ले ईमानदारी भरी क्षमाप्रार्थना | नजरे न चुराए, सामने आये, मन मिलाये | खुदा नहीं इंसान हैं, गलतियां सकारे | माता-पिता-गुरुजनों पर लुटाये स्नेह , जैसा उनसे बचपन में मिला-अनमिला | भाई,बहन, दोस्तों से निभाए रिश्ते | बीवी-बच्चों को दे ढेर सारा प्यारा समय | अपनों पे खीजना, गुस्सा होना करें कम | नए साल में ज्यादा ना सोचे,ना ही करे चिंता | उपलब्धि पर गर्व ना करे, ना हो हार की कुंठा | नए साल में नाहीं पाले चाह किसी आकाशकुसुम की | जैसे हम हैं, उसी में सुधरें, बस ये हो उत्कंठा | जीवन सरल र...

जिन्दगी, तेरी कमी खलती है

जिंदगी अपनी राह चलती है । तमन्नाएं  यूं ही बस मचलती है ॥  आस से प्यास कभी बुझती नहीं ।  उम्रभर मृगमरीचिकाएं  छलती हैं ॥  दौर ऐसे बहोत आते हैं जहाँ ।  जिंदगी, तेरी कमी खलती है ॥  काश ऐसा अगर हुआ होता ।  सोचकर, हसरतें हाथ मलती  हैं ॥  बस में जो है, कसर नहीं रक्खी ।  क्या करे गर, होनी टाले नहीं टलती है ॥  लाख कोशिश से भी जहां दाल नहीं गलती है ।  वहां भी उम्मीद की एक लौ जरूर जलती है ॥  खुदा धरती का हाल देख सोच पड़े ।  क्या इंसान बनाना बड़ी गलती है ॥  देर हो सकती है, अंधेर नहीं  ।  दुआएं सच्चे दिल की जरूर फलती हैं ॥  पाखी घर लौट रहे, चलो 'केशव' ।  कि सुरमई स्याह शाम ढ़लती है ॥ 

दिल्ली - धुंध है, धुंआ है, लाचारी है

धुंआ है, धुंध है, लाचारी है | मार कुदरत की सब पे भारी है || कोसने से पहले सोचे, हमने क्या किया अब तक | एक पौधा भी लगाया, या की बस बातें की || कहते रहे धरती को बचाना है | और प्लास्टिक की पत्तलों में खाना है || नदियों को माँ कह के बस पूजते रहे | या जिन्होंने गन्दगी फैलाई ,उन्हें रोका भी || जैसा चल रहा, चलता रहा अगर वैसा ही | पानी बोतल में, हवा सिलिंडर में भर के बेचेंगे || बची रही नहीं अगर धरती हरी -भरी | तो हम भी बचेंगे म्यूजियम में ही कहीं || शुद्ध हवा हमको अगर पाना है | आज ही एक पेड़ चलो चलके लगाना है || ऐसी कैसी धरती छोड़ के हम जायेंगे | शस्य श्यामल नहीं जो कालिम हो || ऐसा आकाश देंगे बच्चों को | नीलिमा जिसकी कालिख वाली हो? ऐसी नदिया कैसे छोड़ के हम जायेंगे | जिसमे मछली भी जिन्दा नहीं है रह पाती || ये धरती हमारी नहीं, भविष्य की थाती है | आओं, इसे हरी-भरी और खुशनुमा रखे || तितलियों, चिड़ियों, फूलों- फलों, वन्य प्राणियों से भरा-पूरा रक्खे || सिर्फ कैंडल नहीं जलाएं हम | उससे भी सिर्फ धुआं फैलेगा || सिर्फ ना...

त्रिवेणी - स्याह समय में

कलम आजकल बंद पड़ी है, कागज़ कोरे कोरे हैं  | स्याह समय में, आशा के उजले  कण थोड़े थोड़े हैं | स्याही आजकल कागज नहीं, चेहरे काले करती है ||